home page

सात साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में पड़ोसी गिरफ्तार

 | 
सात साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में पड़ोसी गिरफ्तार


मालदा, 25 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के हरिश्चंद्रपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में सात साल की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप सामने आया है। शुक्रवार शाम को यह घटना हुई। पुलिस ने मामले में आरोपित पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है।

चांचल महकमा पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता के परिवार की शिकायत पर शुक्रवार रात को ही एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। शनिवार को आरोपित को अदालत में पेश किया गया, जहां जज ने उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित का नाम तकीमुद्दीन है। आरोप है कि तकीमुद्दीन ने पीड़िता को चार रुपये का लालच देकर अपने घर बुलाया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची ने घर लौटकर अपने परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों ने हरिश्चंद्रपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की और आरोपित को पकड़ लिया। उसके खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी करवाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

पीड़िता के पिता ने कहा, मेरी बेटी बाहर खेल रही थी, तभी पड़ोसी ने पैसे का लालच देकर अपने घर बुलाया और यह घिनौना काम किया। उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि आगे से कोई और बच्ची शिकार न बने।

मां ने कहा, मेरी बेटी बहुत डर गई थी। बाद में उसने हमें पूरी बात बताई। हम तुरंत थाने गए और शिकायत दर्ज करवाई। दोषी को ऐसी सजा मिले कि फिर कोई भी नाबालिग बच्ची के साथ ऐसी घटना करने की हिम्मत न करे।

पुलिस ने आश्वस्त किया है कि जांच पूरी सतर्कता के साथ की जा रही है और दोषी को कानून के मुताबिक सख्त सजा दिलाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय