home page

सागर : दो साल तक नाबालिग का यौन शोषण, मेडिकल जांच में गर्भवती होने का खुलासा

 | 
सागर : दो साल तक नाबालिग का यौन शोषण, मेडिकल जांच में गर्भवती होने का खुलासा


सागर, 23 सितंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ लंबे समय तक दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी धमकाकर और ब्लैकमेल कर करीब दो साल तक नाबालिग का यौन शोषण करते रहे। हाल ही में तबीयत बिगड़ने पर कराई गई मेडिकल जांच में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। इसके बाद परिजनों ने महिला थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से नाबालिग के पेट में तेज दर्द हो रहा था। उसकी तबीयत लगातार खराब होने पर मां ने उससे पूछताछ की। इस दौरान नाबालिग ने परिजनों को बताया कि आरोपियों ने करीब दो साल पहले उसका शोषण शुरू किया था। पीड़िता के अनुसार, विरोध करने पर उसे धमकाया जाता था और उसकी निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की बात कहकर ब्लैकमेल किया जाता था।

धमकियों के कारण नाबालिग डर गई और उसने लंबे समय तक घटना के बारे में किसी को जानकारी नहीं दी। बदनामी और सामाजिक दबाव के डर से वह मानसिक रूप से परेशान रही। इसी बीच आरोपियों द्वारा उसका शोषण किए जाने का सिलसिला जारी रहा।

तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर परिजन उसे चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच के दौरान उसके गर्भवती होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद परिजनों ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी और महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना पुलिस ने नाबालिग की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

घटना की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भी आक्रोश देखने को मिला। विभिन्न हिंदू संगठनों और स्थानीय नागरिकों के कार्यकर्ता महिला थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा जल्द गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की।

पुलिस अधिकारियों ने थाने पहुंचे लोगों को मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। पुलिस फिलहाल घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे