home page

नाबालिग हत्याकांड में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल

 | 
नाबालिग हत्याकांड में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल


दरभंगा, 13 अप्रैल (हि.स.)। जिले के नगर पंचायत कुशेश्वरस्थान पूर्वी के वार्ड संख्या-5 स्थित सम्राट चौक पर एक नाबालिग किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मो उजाला को हिरासत में ले लिया है, जबकि घटना को लेकर गांव में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल बना हुआ है। एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिरणी पंचायत के एक गांव की नाबालिग लड़की को 13 जनवरी को वार्ड संख्या-5 निवासी मो साबिर के पुत्र मो. उजाला बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इस संबंध में पीड़ित पिता ने तत्काल थाने में आवेदन देकर आरोपी युवक एवं उसके माता-पिता पर अपहरण का आरोप लगाया था। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने न तो प्राथमिकी दर्ज की और न ही लड़की की बरामदगी के लिए कोई ठोस प्रयास किया।

पीड़ित पिता का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस कार्रवाई करती, तो आज उनकी बेटी जीवित होती। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि थाना में आवेदन देने के बावजूद उन्हें उसकी रिसीविंग तक नहीं दी गई। परिजनों के अनुसार, आरोपी युवक फरवरी माह में किशोरी को अपने घर लेकर आया, जहां उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया।

विरोध करने पर कथित रूप से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपी द्वारा साक्ष्य छुपाने की नीयत से गंभीर हालत में किशोरी को सीएचसी कुशेश्वरस्थान ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ रंजन चतुर्वेदी ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को वापस घर ले जाकर बीमारी से मौत होने की अफवाह फैलाने की कोशिश की गई।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। इस दौरान आरोपी के साथ मारपीट भी की गई। इसी बीच मृतका के मौसा अरविंद पासवान पर आरोपी द्वारा चाकू से हमला करने का भी आरोप है, जिसमें वे घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए।

एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच की और पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मृतका के पिता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर उनकी भी गिरफ्तारी की जाएगी।

इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रारंभिक शिकायत पर संजीदगी दिखाई जाती, तो शायद एक मासूम की जान बचाई जा सकती

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra