home page

सक्ती में नाबालिग पर टांगी से जानलेवा हमला, गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर, आरोपित गिरफ्तार

 | 
सक्ती में नाबालिग पर टांगी से जानलेवा हमला, गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर, आरोपित गिरफ्तार


सक्ती, 07 अगस्त (हि. स.)। सक्ती जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बेलादुला में एक नाबालिग युवती पर धारदार टांगी से किए गए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल हाे गई है। घटना गुरुवार देर रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। नाबालिग को पहले जांजगीर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बिलासपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल युवती का इलाज बिलासपुर के अस्पताल में जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, घटना के समय युवती के माता-पिता रोजगार के सिलसिले में श्रीनगर गए हुए थे। घर में युवती अपने छोटे भाई और अन्य परिजनों के साथ रह रही थी। इसी दौरान गांव के ही रहने वाले उमेश पलांगे ने कथित तौर पर युवती पर धारदार टांगी से हमला कर दिया। हमले के बाद युवती गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गई। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही जैजैपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान हमले में इस्तेमाल की गई धारदार टांगी बरामद कर जब्त कर ली गई है। घटनास्थल से अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित उमेश पलांगे को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपित के खिलाफ बलात्कार तथा हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपित से पूछताछ जारी है और घटना के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि एफएसएल टीम द्वारा जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के अनुरूप आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के सामने आने के बाद बेलादुला गांव सहित पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष और तेजी से जांच कर दोषी के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT