home page

यमुनानगर:नाबालिग को भगाने के आरोप में युवक गिरफ्तार, लड़की सुरक्षित बरामद

 | 
यमुनानगर:नाबालिग को भगाने के आरोप में युवक गिरफ्तार, लड़की सुरक्षित बरामद


यमुनानगर, 17 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर के फर्कपुर पुलिस चौकी की टीम ने 16 वर्षीय नाबालिगा को शादी के उद्देश्य से बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लड़की को सकुशल बरामद कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

चौकी प्रभारी सुरजीत सिंह ने मंगलवार काे बताया कि क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री 12 मार्च से अचानक घर से लापता है। इसी दौरान स्थानीय स्तर पर यह भी जानकारी सामने आई कि एक युवक, जो किराये पर रह रहा था, वह भी उसी समय से गायब है। परिजन ने आशंका जताई कि उक्त युवक ही उसकी बेटी को अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामला दर्ज किया और एएसआई इरशाद अली के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर खोजबीन शुरू की।

जांच के दौरान तकनीकी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस को सुराग मिले, जिनके आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नाबालिग को अपने साथ विवाह करने के इरादे से ले गया था। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लड़की को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार