यमुनानगर: चालान को लेकर विवाद, नाबालिग ने एसपीओ को थप्पड़ जड़ा
यमुनानगर, 16 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर के जगाधरी स्थित बाजार में बुधवार देर रात यातायात नियमों के पालन को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक बढ़ गया और पुलिस व एक नाबालिग के बीच टकराव की स्थिति बन गई। आरोप है कि बीच सड़क खड़ी बाइक को हटाने और चालान करने के दौरान नाबालिग ने एसपीओ से चालान मशीन छीनकर फेंक दी और थप्पड़ मारकर मौके से भाग गया। थाना प्रभारी राजेंद्र के अनुसार, पुलिस टीम रात को बाजार में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सड़क के बीच खड़ी एक बुलेट बाइक आमजन के लिए बाधा बनी हुई थी। पुलिस ने बाइक के मालिक का पता लगाने के लिए नंबर जांचना शुरू किया, तभी एक युवक मौके पर पहुंचा और मशीन छीनकर फेंक दी।
बताया गया कि समझाने पर युवक आक्रोशित हो गया और कहासुनी के दौरान एसपीओ रणदीप सिंह को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद वह पास की एक कपड़ों की दुकान में जाकर छिप गया। पुलिस टीम जब उसे पकड़ने के लिए दुकान में पहुंची तो वहां मौजूद उसके चाचा गुरदीप सिंह ने कार्रवाई का विरोध किया और पुलिस से उलझ गया।
पुलिस का कहना है कि गुरदीप ने सरकारी कार्य में बाधा डाली और धमकी भरे शब्दों का प्रयोग किया। हालांकि, मौके का फायदा उठाकर वह पहले फरार हो गया, लेकिन बाद में थाने पहुंचने पर उसे भी काबू कर लिया गया। दोनों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने संबंधित बाइक को भी कब्जे में ले लिया है। वहीं परिजनों ने पुलिस पर ज्यादती का आरोप लगाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

