home page

राजधानी एक्सप्रेस से 100 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ नाबालिग पकड़ा गया

 | 

किशनगंज, 05 जून (हि.स.)। किशनगंज रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को आरपीएफ और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस से 100 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक नाबालिग लड़के को पकड़ा। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर नाबालिग को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग के हवाले कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार राजधानी एक्सप्रेस के किशनगंज स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ और उत्पाद विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से ट्रेन में सघन जांच अभियान चलाया। तलाशी के दौरान एक नाबालिग लड़के की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उसे ट्रेन से उतारकर पूछताछ की गई। जांच के दौरान उसके पास मौजूद एक छोटे कंटेनर से 100 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।

पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि उसे यह ब्राउन शुगर सिलीगुड़ी में किसी व्यक्ति ने दी थी, जिसे अररिया में पहुंचाना था। उसने यह भी बताया कि वह न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) स्टेशन से बिना टिकट राजधानी एक्सप्रेस में सवार हुआ था और कटिहार उतरकर किसी अन्य ट्रेन से अररिया जाने की योजना बना रहा था। टिकट नहीं होने के कारण वह लगातार एक बोगी से दूसरी बोगी में घूम रहा था, जिससे सुरक्षा बलों की नजर उस पर पड़ी।

संयुक्त कार्रवाई में आरपीएफ प्रभारी एच.के. शर्मा, उत्पाद निरीक्षक हैदर अली सहित अन्य अधिकारी एवं जवान शामिल थे। आरपीएफ प्रभारी एच.के. शर्मा ने बताया कि जांच के दौरान एक नाबालिग के पास से ब्राउन शुगर बरामद की गई है। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे तथा जब्त मादक पदार्थ को उत्पाद विभाग को सौंप दिया गया है। उत्पाद विभाग मामले की जांच में जुटा है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह