home page

यमुनानगर:नाबालिग से दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे

 | 
यमुनानगर:नाबालिग से दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे


यमुनानगर, 13 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर महिला थाना पुलिस ने नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया। महिला थाना प्रभारी शिलावंती ने बताया कि थाना सदर क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 16 वर्षीय बेटी को नशीला पदार्थ देकर एक होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उप निरीक्षक सुषमा रानी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने गांव दराजपुर निवासी अभिषेक को गिरफ्तार किया। पूछताछ और पीड़िता के बयान के आधार पर मामले में एक अन्य आरोपी की संलिप्तता सामने आई।

शिकायकर्ता ने बताया कि गांव धौड़ग निवासी शशि कुमार ने भी करीब एक वर्ष पूर्व उसके साथ दुष्कर्म किया था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शशि कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। उन्हें अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यदि जांच के दौरान अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार