नाबालिग से दुर्व्यवहार का आरोप, 81 वर्षीय वृद्ध गिरफ्तार
पश्चिम मेदिनीपुर, 01 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पश्चिम मिदनापुर जिले के दासपुर दो नंबर ब्लॉक के एक गांव में नाबालिग किशोरी के साथ शारीरिक दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। इस आरोप में पुलिस ने 81 वर्षीय एक वृद्ध को गिरफ्तार किया है। घटना को लेकर इलाके में काफी आक्रोश और चर्चा का माहौल है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित की पहचान शेख जलाल (81) के रूप में हुई है। पीड़िता के परिवार की ओर से दासपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि किशोरी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है और मामले से जुड़ी सभी कानूनी प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं। साथ ही पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है।
प्रशासन की ओर से कहा गया है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। यदि आरोपित दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

