home page

बरेली में खनन विभाग का लिपिक 10 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

 | 
बरेली में खनन विभाग का लिपिक 10 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार


बरेली, 6 अप्रैल (हि.स.) । भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की टीम ने सोमवार को खनन विभाग के एक लिपिक को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपित पर सीज ट्रैक्टर-ट्रॉली को छुड़ाने और जुर्माने से संबंधित पत्रावली जिलाधिकारी कार्यालय भेजने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन के अनुसार, परसाखेड़ा निवासी महमूद रजा खां, जो वर्तमान में खनन अधिकारी कार्यालय बरेली में लिपिक (चतुर्थ श्रेणी) के पद पर तैनात है, को सोमवार दोपहर करीब 12:52 बजे ट्रैप टीम ने कार्यालय परिसर से पकड़ लिया। आरोपित शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत ले रहा था।

बताया गया कि किला थाना क्षेत्र के ग्राम रौठा निवासी वेद प्रकाश ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया था कि उनकी सीज ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवमुक्त कराने और जुर्माने से संबंधित फाइल जिलाधिकारी कार्यालय भेजने के एवज में महमूद रजा खां 10 हजार रुपये मांग रहा है।

शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली मंडल की टीम ने मामले का सत्यापन किया। इसके बाद निरीक्षक जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपित को रिश्वत की रकम लेते समय दबोच लिया। आरोपित के खिलाफ थाना कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। टीम आरोपित से पूछताछ कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि कोई भी पीड़ित व्यक्ति भ्रष्टाचार निवारण संगठन से सीधे संपर्क कर सकता है। इसके लिए पुलिस उपाधीक्षक भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली के मोबाइल नंबर 9454405475 और प्रभारी निरीक्षक बरेली इकाई के मोबाइल नंबर 9454401653 पर सूचना दी जा सकती है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार