home page

सीवान में बेखौफ अपराध: सोते हुए बुजुर्ग को मारी गोली, हालत गंभीर

 | 

सीवान, 23 अप्रैल (हि.स.)। सीवान जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के करसड़ गांव में अपराधियों ने बेखौफ होकर एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। बुधवार की देर रात करीब 12 बजे अपराधियों ने घर में घुसकर सो रहे एक बुजुर्ग को गोली मार दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

घायल धर्मसाह गोंड़ है, जो अनुसूचित जनजाति के नेता जितेंद्र साह के पिता बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, धर्मसाह अपने करकट (टीन) से बने झोपड़ी में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने झोपड़ी का करकट हटाया और उन्हें निशाना बनाते हुए गोली चला दी।

गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल धर्मसाह को आनन-फानन में रघुनाथपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

सदर अस्पताल में भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना भेज दिया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में भय का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma