घर के बरामदे पर सो रहे अधेड़ की गोली लगने से हुई मौत
-हत्या या आत्महत्या जांच में जुटी पुलिस
पूर्वी चंपारण,02 मार्च (हि.स.)।जिले के झरौखर थाना क्षेत्र के भंगहा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से 50 वर्षीय राकेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार घटना घर के अंदर हुई। प्रारंभिक जानकारी में आपसी विवाद की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद गोली चली। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
सूचना मिलते ही झरौखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घर के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही फॉरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके। सिकरहना के एसडीपीओ उदय शंकर ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने की बात कही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

