बीमारी से परेशान अधेड़ महिला ने जहर खाकर दी जान
हमीरपुर 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बीमारी से परेशान होकर अवसाद में आई एक अधेड़ महिला ने बुधवार को विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और मृतका के इकलौते बेटे का रो-रोकर हाल बेहाल है।
महोबा जनपद के खरेला थाना क्षेत्र के ग्राम बसौठ निवासी बेनीप्रसाद यादव ने बताया कि उनकी पत्नी प्रेमा (58) पिछले तीन-चार दिनों से बीमार चल रही थीं। इलाज के लिए वह अपने पुत्र विजय के साथ मुस्करा के एक अस्पताल गई थीं, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ। बुधवार को भी वह मुस्करा कस्बे के एक चिकित्सक से उपचार कराने के बाद घर लौटी थीं। दोपहर में बेनीप्रसाद बकरियां चराने खेत चले गए थे। घर पर प्रेमा और उनका पुत्र विजय मौजूद था। इसी दौरान विजय किसी काम से पड़ोस में चला गया। घर में अकेली होने पर प्रेमा ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद विजय घर लौटा तो उसने अपनी मां को उल्टियां करते देखा। उसने तत्काल खेत में मौजूद अपने पिता को सूचना दी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से प्रेमा को शाम करीब तीन बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुस्करा में भर्ती कराया गया। सीएचसी में डॉ. संतोष राजपूत ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसी दौरान महिला की स्थिति लगातार बिगड़ती गई। चिकित्सकों ने सीपीआर देकर उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी और उनकी मौत हो गई। मृतका के पति ने बताया कि उनकी तीन बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है।
थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

