home page

घर में सो रहे अधेड़ की गला रेतकर हत्या

 | 
घर में सो रहे अधेड़ की गला रेतकर हत्या


- फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य

हमीरपुर, 11 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के मुस्करा, थाना क्षेत्र के बिहूनी गांव में घर में सो रहे अधेड़ की अज्ञात लोगों ने गला रेतकर हत्या कर दी। शुक्रवार को घटना की जानकारी होते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी राठ सहित स्थानीय पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचा। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

बिहूनी गांव निवासी ठाकुरदास अहिरवार (65) घर के बाहर बने कमरे में सो रहे थे। परिजनों के अनुसार रात करीब 12 बजे उनकी आठ वर्षीय नातिन अनीता मोबाइल चार्ज करने के लिए बाहर वाले कमरे में गई थी। कमरे में खून फैला देखकर वह चीखते हुए अंदर आई और परिजनों को जानकारी दी। नरेश ने कमरे में जाकर देखा तो ठाकुरदास की हत्या हो चुकी थी मृतक के बड़े बेटे इन्दल (35) अपनी मां कुसमा रानी और दो बेटियों के साथ चित्रकूट गए हुए थे। घटना की जानकारी उनकी पत्नी राधा ने फोन कर उन्हें दी। इसके बाद नरेश ने पड़ोसियों और परिजनों को सूचना दी। बिहूनी खुर्द के पूर्व प्रधान मुन्ना को करीब 2:20 बजे घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद उन्होंने शुक्रवार को पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।

सीओ राठ राजीव प्रताप सिंह के साथ फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट ने मौके से आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया मृतक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी कुसमा रानी, दो बेटे इन्दल और नरेश तथा एक विवाहित बेटी कुंवर हैं। अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा ने शुक्रवार को बताया कि घटना की जांच की जा रही है। अज्ञात लोगों के खिलाफ मामले की पड़ताल जारी है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा