home page

प्रयागराज के करैली में अधेड़ की गोली मारकर हत्या

 | 
प्रयागराज के करैली में अधेड़ की गोली मारकर हत्या


प्रयागराज, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित करेली थाना क्षेत्र के बाजूपुर गांव में बुधवार शाम एक अधेड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। फिर भी परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

करेली पुलिस के मुताबिक थाना क्षेत्र के बाजूपुर गांव में इरफान 55 वर्ष पुत्र स्वर्गीय लाल मोहम्मद की अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने इरफान को निशाना बनाते हुए गोली चलाई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस घटना के पीछे के कारणों की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल