home page

दो मासूम बच्चों के साथ अधेड़ ने किया कुकर्म

 | 
दो मासूम बच्चों के साथ अधेड़ ने किया कुकर्म


गाजियाबाद, 02 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र में दो मासूम बच्चों के साथ पड़ोसी द्वारा कुकर्म किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसी बच्चों को चाकलेट दिलाने के बहाने अपने घर ले गया और वहां धमकाकर कुकर्म की वारदात की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।

पीड़ित पिता के अनुसार वह ऑटो रिक्शा चालक हैं। उनके सात वर्षीय और छह वर्षीय दो बेटे हैं। उन्होंने बताया कि किसी काम से बीती रात सोमवार को वह बाहर गए थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला 55 वर्षीय आरोपित ने दोनों बच्चों को चाकलेट का लालच दिया और अपने घर ले गया। इसके बाद आरोपित ने उन्हें जान से मारने की धमकी देकर कुकर्म किया और किसी को बताने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। बच्चों ने डर के कारण अपनी मां को कुछ नहीं बताया। हालांकि, जब पिता लौटे तो बच्चों ने रोते हुए पूरी घटना बताई। इसके बाद तुरंत पिता अपने दोनों बच्चों को लेकर नंदग्राम थाने पहुंचे और आरोपित के खिलाफ शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को हिरासत में लिया है।

एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि पीड़ित पिता की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित से पूछताछ की जा रही है और बच्चों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। मामले में सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी