home page

खेत में पशु चरा रहे अधेड़ की कुल्हाड़ी से हत्या, पांच पर मुकदमा

 | 
खेत में पशु चरा रहे अधेड़ की कुल्हाड़ी से हत्या, पांच पर मुकदमा


-पुरानी रंजिश में हमला, मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में मौत

हमीरपुर 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र के कैंथा गांव में पुरानी रंजिश के चलते खेत में पशु चरा रहे एक अधेड़ पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल अधेड़ की मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। बुधवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

कैंथा गांव निवासी वीरपाल लोधी खेत में पशु चरा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के सुघर सिंह, रोहित, मोहित समेत पांच लोग वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगे। देखते ही देखते आरोपितों ने वीरपाल पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उनके हाथ, पैर और सिर पर गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और लहूलुहान हालत में वीरपाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राठ ले गए।

सूचना पर क्षेत्राधिकारी राजीव प्रताप सिंह और कोतवाली प्रभारी अनूप कुमार सिंह भी अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

कोतवाल अनूप कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि विपिन की तहरीर पर सुघर सिंह, मोहित, रोहित समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा