उत्तर प्रदेश का खतरनाक गैंगस्टर मुंबई में गिरफ्तार
मुंबई, 02 अगस्त(हि.स.)। दक्षिण मुंबई के एक होटल में छापा मारकर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक खतरनाक गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है। इसके बाद येलो गेट पुलिस स्टेशन की टीम ने जरुरी कानूनी कार्रवाई पूरा करने के बाद गैंगस्टर को उत्तर प्रदेश पुलिस के हवाले कर दिया है।
येलो गेट पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक नीलेश कांबले ने रविवार को पत्रकारों को बताया कि उनकी टीम को उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के रहने वाला खतरनाक गैंगस्टर निशांत राजेश सिंह (23) के दक्षिण मुंबई के एक होटल छिपे होने की जानकारी मिली थी। इस गोपनीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने गैंगस्टर को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपनी असली पहचान छिपाने की कोशिश की। लेकिन, पुलिस ने तकनीकी जांच और दस्तावेजों के सत्यापन के जरिए उसकी पहचान की पुष्टि कर ली।
जांच में सामने आया कि वह उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले का निवासी है और उसके खिलाफ जबरन चोरी, अवैध हथियार रखने तथा उत्तर प्रदेश गैंगस्टर्स एंड एंटी-सोशल एक्टिविटीज (प्रिवेंशन) एक्ट, 1986 के तहत गंभीर मामले दर्ज हैं। इसके बाद येलो गेट पुलिस ने सीतापुर जिले के अटरिया पुलिस स्टेशन से संपर्क कर आरोपित की पहचान, फोटो और अन्य विवरण का मिलान किया। सत्यापन के बाद पुष्टि हुई कि निशांत सिंह उक्त मामले में मुख्य आरोपित है और एक गैंग का सरगना बताया जा रहा है। इसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम के मुंबई पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए 1 अगस्त को आरोपित को सीतापुर पुलिस के हवाले कर दिया गया। अब उत्तर प्रदेश पुलिस उससे जुड़े मामलों में आगे की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

