कथित लूट की साजिश रचने वाला गिरफ्तार, चार लाख रुपये का माल बरामद
मुंबई, 24 जुलाई (हि.स.)। परभणी जिले में सात लाख रुपये की कथित लूट की साजिश रचने वाले दहिवाल ज्वेलर्स के कर्मचारी को स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले की जांच में सामने आया कि यह कोई वास्तविक लूट नहीं थी, बल्कि पूर्व नियोजित साजिश थी। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3.50 लाख रुपये नकद और एक मोबाइल फोन सहित करीब 4 लाख रुपये का माल बरामद किया है। मामले की आगे की छानबीन की जा रही है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि जालना जिले के परतूर निवासी प्रथमेश शहाणे ने 22 जुलाई को परभणी ग्रामीण थाने में लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। शहाणे ने अपनी शिकायत में कहा था कि वह दहिवाल ज्वेलर्स, परतूर में कर्मचारी है और दुकान मालिक ने उसे सात लाख रुपये बैंक में जमा कराने के लिए दिए थे। वह प्लेटिना मोटरसाइकिल से परतूर से परभणी जा रहा था। रास्ते में जलगांव क्षेत्र में लघुशंका के लिए रुकने पर चार अज्ञात लोगों ने चाकू दिखाकर उससे सात लाख रुपये लूट लिए थे और फरार हो गए थे। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तानाजी चिखले ने स्थानीय अपराध शाखा को तत्काल जांच के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस निरीक्षक गजेंद्र सरोदे और उनकी टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, तकनीकी साक्ष्यों, गोपनीय सूचनाओं और अन्य पहलुओं के आधार पर गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को शिकायत में कई विसंगतियां मिलीं। पूछताछ और तकनीकी जांच में खुलासा हुआ कि शिकायतकर्ता ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर लूट की झूठी कहानी रची थी। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर उसके पास से 3.50 लाख रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले में इमरान शेख सत्कार शेख निवासी सातोना, तहसील परतूर सहित तीन लोगों की संलिप्तता सामने आई है और तीनों की सघन तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

