कोल्हापुर में जमीन विवाद को लेकर पिता और भाई की हत्या
| Mar 30, 2026, 12:53 IST
मुंबई, 30 मार्च (हि.स.)। कोल्हापुर जिले के हिंगनगांव में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने अपने वृद्ध पिता और भाई की हत्या कर दी। आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना की छानबीन हातकणंगले पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि इस मामले में आरोपित की पहचान संभाजी मारुति कुंडले (47) के रुप में की गई है। आरोपित का उसके पिता तथा भाई से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते रविवार रात को आरोपित ने फावड़े से अपने पिता मारुति बांडू कुंडले (72) और भाई शीतल (40) पर हमला कर दिया, जिसमें दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना की गहन छानबीन जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

