home page

हिंगोली में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, तीन आरोपित गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 20 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के वासमत तहसील में स्थित हट्टा गांव में 13 वर्षीय नाबालिग लडक़ी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपित अभी भी फरार है। इस मामले की गहन छानबीन हट्टा पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि दो दिन पहले पीडि़ता के परिवार के सदस्य गांव से बाहर गए हुए थे। उसी समय गांव के चार युवकों ने बच्ची को बिस्किट और 50 रुपये का लालच देकर दोपहिया वाहन से हट्टा शिवार स्थित एक गन्ने के खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद डरी-सहमी पीड़िता ने किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। हालांकि, उसके व्यवहार में आए बदलाव को देखकर परिजनों ने उससे पूछताछ की, जिसके बाद उसने पूरी घटना बताई। इसके बाद बुधवार देर रात पीडि़ता के परिवार ने हट्टा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विजय खाड़े, लखन खाड़े, प्रवीण खाड़े और प्रकाश खाड़े के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस निरीक्षक संदीप बोरकर और पुलिस उपनिरीक्षक संजय केंद्रे के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार को लखन खाड़े, प्रवीण खाड़े और प्रकाश खाड़े को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मुख्य आरोपित विजय खाड़े अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव