नंदुरबार में 53 नाबालिगों के साथ यौन शोषण करने वाला 22 वर्षीय आरोपित गिरफ्तार
मुंबई, 08 अगस्त, (हि.स.)। नंदुरबार शहर मेंं 53 नाबालिगों के साथ यौन शोषण करने वाले 22 वर्षीय आरोपित चेतन प्रकाश कोली को नंदुरबार शहर पुलिस स्टेशन की टीम ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। आज ही आरोपित को जिला अदालत में पेश किया गया और अदालत ने आरोपित को १२ अगस्त तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। इस मामले की गहन छानबीन नंदूरबार शहर पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
नंदूरबार जिले की पुलिस अधीक्षक अश्विनी सानप ने आज बताया कि इस मामले की जानकारी मिलते ही तत्काल पुलिस ने खुद नंदुरबार शहर पुलिस स्टेशन में पोक्सो एक्ट और यौन उत्पीडऩ से जुड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रायसिंहपुरा निवासी 22 वर्षीय चेतन प्रकाश कोली को हिरासत में लिया है। मामले की गहन छानबीन की जा रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपित चेतन कोली के बारे में नाबालिगों के योन शोषण की जानकारी मिलते ही बिना किसी शिकायत का इंतजार किए मामला दर्ज किया गया और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित के घर की तलाशी लेने पर ५४९ अश्लील वीडियो और ११०० अश्लील फोटो जब्त किए गए हैं। अब की जांच में पता चला है कि आरोपित ने 5३ नाबालिग बच्चों का यौन शोषण किया है। साथ ही आरोपित बच्चों के साथ-साथ युवकों को भी अपना शिकार बनाता था। शिकायत के अनुसार कथित घटनाएं 2022 से 6 अगस्त 2026 तक जारी रहने का आरोप है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पीडि़तों को किस तरह धमकाया जाता था, कथित शोषण का तरीका क्या था और क्या इस पूरे मामले में आरोपी के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों को भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा मान रही है। जांच के दौरान ई-एविडेंस और वीडियो रिकॉर्डिंग समेत अन्य डिजिटल सामग्री की पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

