विरार में 500 के नकली नोटों से भरी कार जब्त, एक करोड़ रुपये की फेक करेंसी बरामद
मुंबई, 11 अगस्त (हि.स.)। मुंबई से सटे विरार शहर में वसई क्राइम ब्रांच की टीम ने बीती रात मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर शिरसाट फाटा के पास 500 के नकली नोटों से भरी एक कार जब्त की है। पुलिस ने कार से कुल 01 करोड़ रुपये की नकली करेंसी बरामद की है और मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। इस मामले की छानबीन मांडवी पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि जानकारी के वसई क्राइम ब्रांच यूनिट-2 की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि नकली नोटों की बड़ी खेप एक किआ कार में बैग के जरिए ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मुंबई-अहमदाबाद हाइवे पर शिरसाट फाटा के पास जाल बिछाया और संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में रखे बैग से करीब 01 करोड़ रुपये की नकली नोट मिली, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया और कार में सफर कर रहे एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया है।
बरामद नकली नोटों की गिनती मांडवी पुलिस स्टेशन में रातभर चली। इतनी बड़ी मात्रा में नकली करेंसी मिलने से पुलिस भी हैरान है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट कहां तैयार किए गए थे और इन्हें कहां पहुंचाया जाना था। मामले की आगे की जांच के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों को रवाना किया गया है। पुलिस इस रैकेट के मुख्य मास्टरमाइंड और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

