अनूपपुर: विक्षिप्त युवती से दुष्कर्म: 48 घंटों में आरोपी गिरफ्तार,भेजा गया जेल
अनूपपुर, 01 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना पुलिस ने मानसिक रूप से विक्षिप्त युवती से दुष्कर्म के आरोप में 32 वर्षीय वीरसिंह गोंड को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
जैतहरी थाना प्रभारी अमर सिंह वर्मा ने रविवार को बताया कि 26 फरवरी को जैतहरी थाना क्षेत्र की एक मानसिक विक्षिप्त 19 वर्षीय युवती ने अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ठीक से बोल नहीं पा रही थी, इसलिए उसकी मां ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाते शिकायत प्रस्तुत किया। जिस पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2)(आई) और 64(2)(के) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
थाना प्रभारी के अनुसार, घटना के दिन युवती घर पर अकेली थी, क्योंकि उसके माता-पिता किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान पड़ोसी वीरसिंह गोंड घर में घुस गया और घटना को अंजाम दिया। इसके बाद आरोपी शाम को अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने परासी गांव चला गया था। शाम को जब युवती के माता-पिता घर लौटे, तो युवती ने उन्हें घटना के बारे में बताया। इसके बाद थाना पहुंचे। पुलिस को जांच के दौरान सूचना मिली कि आरोपी परासी गांव में है। पुलिस ने तत्काल गांव पहुंचकर फरार आरोपी पुत्र धनराज सिंह को गिरफ्तार कर शनिवार शाम न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से जेल वारंट मिलने के बाद उसे जिला जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

