home page

पांवटा साहिब में 214 ग्राम चरस सहित दो युवक गिरफ्तार

 | 
पांवटा साहिब में 214 ग्राम चरस सहित दो युवक गिरफ्तार


नाहन, 20 मई (हि.स.)। जिला सिरमौर पुलिस की पांवटा साहिब में तैनात स्पेशल डिटेक्शन टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 214 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 मई की रात टीम रामपुरघाट स्थित शराब ठेके के पास मौजूद थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि मोटरसाइकिल नंबर UP31CC 2151 पर सवार दो व्यक्ति गोन्दपुर से रामपुरघाट की ओर भारी मात्रा में चरस लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने रामपुरघाट के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोक लिया।

पूछताछ के दौरान चालक ने अपनी पहचान उबेद (22) पुत्र सहीद निवासी गांव पश्चिमी लकपेड़ा, डाकघर व तहसील मोहम्मदी, जिला लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई। वहीं पीछे बैठे युवक ने अपना नाम असलम (26) पुत्र इसरार निवासी मोहल्ला घुटईयाबाद, जिला लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) बताया।

तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के हैंडल में छिपाकर रखा गया एक लिफाफा बरामद हुआ, जिसमें से 214 ग्राम चरस बरामद की गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना पुरुवाला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20, 29, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर