बेटी के साथ युवक को देख पिता ने भतीजे संग मिलकर की हत्या, गिरफ्तार
फर्रुखाबाद,13 नवंबर (हि.स.)।
जहानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सरवर आलमपुर में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया है। पुलिस के मुताबिक, बेटी के साथ युवक को घर में देखकर पिता आपा खो बैठा। उसने पहले बांस के डंडे से युवक की पिटाई की, फिर भतीजे को बुलाकर उसका रस्सी से गला कसकर माैत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद दोनों ने शव गांव के खंडहर के पास फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा और रस्सी समेत अन्य सामान बरामद कर लिया।
थाना प्रभारी ब्रजमोहन पाल ने शुक्रवार काे बताया कि 12 नवंबर को यूपी डायल 112 के माध्यम से पुलिस को ग्राम सरवर आलमपुर में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची जहानगंज पुलिस ने शव की शिनाख्त ग्राम नगला चाहर निवासी दीपक के रूप में की थी। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने सुभाष चन्द्र कुशवाहा और अन्य अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस सुभाष चन्द्र कुशवाहा काे गिरफ्तार कर पूछताछ की। इस पर उसने अपना गुनाह स्वीकारते हुए बताया कि 11 नवंबर की रात वह खेत से घर लौटा तो दीपक उसकी पुत्री के साथ घर के अंदर मौजूद था। यह देखकर वह आक्रोशित हो गया और घर में रखे बांस के डंडे से दीपक को पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद उसने अपने भतीजे विमलेश उर्फ भूरे को बुलाया। दोनों ने मिलकर रस्सी से दीपक का गला कसकर हत्या कर दी। साक्ष्य छिपाने के लिए शव काे गांव के खंडहर के पास फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा, रस्सी, घटना के समय पहनी गई हरे रंग की शर्ट, जिस पर लाल रंग के दाग लगे हैं, और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

