home page

आर्थिक तंगी से परेशान युवक ने की आत्महत्या

 | 
आर्थिक तंगी से परेशान युवक ने की आत्महत्या


- सुसाइड नोट में दो लोगों पर लगाया प्रताड़ित करने का आरोप

फतेहपुर, 12 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के सदर काेतवाली क्षेत्र में मंगलवार को उधारी व आर्थिक तंगी से परेशान युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। आत्महत्या करने से पूर्व सुसाइड नोट व एक वीडियो फेसबुक में अपलोड कर दो लोगों पर उधारी को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई।

कोतवाल हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि पीरनपुर मोहल्ले में आज बरेली के मूल निवासी मो. आसिफ ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया और डायरी में सुसाइड नोट लिखा। घटना की जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने तुरंत 112 पर पुलिस को सूचित किया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव काे कब्जे में लेकर घटना की जांच की। पुलिस को मौके से मिली डायरी में मृतक आसिफ ने लिखा कि फैयाज हुसैन और शानू उसे लगातार परेशान कर रहे थे। आय का कोई जरिया न होने और कर्ज के दबाव के चलते वह बेहद तनाव में था। मृतक की पत्नी कैंसर से पीड़ित है और इलाज के लिए मुंबई गई हुई है।

सदर कोतवाली प्रभारी हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि सुसाइड नोट और फेसबुक वीडियो को जांच में शामिल किया गया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए सुसाइड नोट के आधार पर नामजद आरोपी फैयाज हुसैन और शानू को हिरासत में ले लिया गया है। आरोपिताें से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार