home page

अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

 | 
अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार


06 बाइक और 2 इंजन बरामद

बांदा, 23 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में थाना कोतवाली नगर पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए एक अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की छह मोटरसाइकिलें और दो मोटरसाइकिल इंजन बरामद किए हैं। पकड़े गए अभियुक्तों में प्रशांत उर्फ चंदू उर्फ राणा पुत्र जगतपाल निवासी रामपुर थाना औंग जनपद फतेहपुर, रोहित उर्फ बउवा पुत्र छिद्दू निवासी रामपुर थाना औंग जनपद फतेहपुर तथा अली मोहम्मद पुत्र मोहम्मद हनीफ निवासी चौडगरा थाना कल्याणपुर जनपद फतेहपुर शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी की सूचनाएं मिल रही थीं, जिनके आधार पर मुकदमे दर्ज कर अभियुक्तों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में 22/23 मार्च 2026 की रात गश्त और चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर दीप ढाबा के आगे अतर्रा रोड के पास पुलिस टीम ने तीनों अभियुक्तों को दबोच लिया। मौके से चोरी की दो मोटरसाइकिलें और बोरी में रखे दो मोटरसाइकिल इंजन बरामद हुए। बाद में उनकी निशानदेही पर चार अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली गईं।

पूछताछ में पता चला कि बरामद दोनों मोटरसाइकिलें विकास भवन और जिला अस्पताल बांदा से चोरी की गई थीं। अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे बांदा जनपद के भीड़भाड़ वाले इलाकों, सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। चोरी के बाद वे वाहनों के पार्ट्स अलग-अलग कर बेच देते थे। पहचान छिपाने के लिए नम्बर प्लेट बदलना, नम्बर खुरचना, यहां तक कि इंजन और चेसिस नम्बर मिटा देना भी इनके गिरोह का तरीका था

सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सुश्री मेविस टाक ने साेमवार काे बताया कि गिरोह द्वारा अन्य स्थानों से भी वाहन चोरी की घटनाएं अंजाम दी गई हैं। इस संबंध में गहन जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अभियुक्तों ने और किन-किन क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह