home page

अंतरराज्यीय खैर तस्करी गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

 | 
अंतरराज्यीय खैर तस्करी गिरोह का सदस्य गिरफ्तार


- एसटीएसएफ और वनमंडल शिवपुरी की कार्रवाई में सरगना पहले ही हो चुका है गिरफ्तार

भोपाल, 27 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी वनमंडल अंतर्गत वन्यजीव शिकार, खैर वनोपज की अवैध कटाई, अवैध व्यापार एवं परिवहन से जुड़े मामले में फरार चल रहे एक अन्य आरोपित को स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (एसटीएसएफ) और वनमंडल शिवपुरी की संयुक्त टीम ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, आरोपित भगवान सिंह राजपूत उर्फ भूरा, निवासी ग्राम ऐरावान, जिला शिवपुरी को उसके गांव से गिरफ्तार किया गया है। आरोपित सामान्य वनमंडल शिवपुरी के वन परिक्षेत्र सतनवाड़ा में दर्ज वन अपराध प्रकरण में 07 मई 2025 में वांछित था। गिरोह के सरगना को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरोह के अपराधों की विवेचना जारी है।

बता दें कि एसटीएसएफ ने मुखबिर तंत्र के माध्यम से छापामार कार्रवाई करते हुए खैर के अवैध व्यापार गिरोह के मुख्य सरगना अनूप यादव, निवासी झांसी (उत्तर प्रदेश) को घाटीगांव, जिला ग्वालियर से स्थानीय वनमंडल के सहयोग से 10 मई को गिरफ्तार किया था।

अब तक की जांच में सामने आया है कि यह संगठित अंतर्राज्यीय गिरोह शिवपुरी, ग्वालियर और मुरैना क्षेत्र में सक्रिय होकर खैर की अवैध कटाई कर उसे ट्रकों से हरियाणा भेजता रहा है। वनोपज खैर का उपयोग मुख्य रूप से पान मसाला एवं कत्था निर्माण में किया जाता है। गिरोह द्वारा कई राज्यों में खैर की तस्करी किए जाने की जानकारी भी मिली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत