महरौली में फुटपाथ से 11 वर्षीय बच्ची का अपहरण, दुष्कर्म के बाद हत्या, छह घंटे में दबोचा गया कैब चालक
नई दिल्ली, 23 जून (हि.स.)। दक्षिण जिले के महरौली इलाके में 11 वर्षीय बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या की दर्दनाक वारदात ने राजधानी को झकझोर कर रख दिया है। फुटपाथ पर परिवार के साथ सो रही बच्ची को एक कैब चालक अगवा कर ले गया, उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपित ने शव को फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड के पास जंगल में फेंक दिया, लेकिन दिल्ली पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक बच्ची का परिवार महरौली इलाके में फुटपाथ पर रहता है। सोमवार तड़के जब परिजनों की नींद खुली तो बच्ची वहां नहीं मिली। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। अपहरण की आशंका को देखते हुए तत्काल मामला दर्ज किया गया और बड़े स्तर पर तलाश अभियान शुरू किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी निगरानी और फुटेज के विश्लेषण के आधार पर एक संदिग्ध कैब चालक की पहचान हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए करीब 20 पुलिस टीमों को जांच और बच्ची की तलाश में लगाया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बिहार निवासी करीब 30 वर्षीय आरोपी ने सोमवार सुबह करीब पांच बजे बच्ची का उस समय अपहरण किया, जब वह अपने परिवार के साथ फुटपाथ पर सो रही थी। आरोपित उसे अपने साथ ले गया, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार वारदात के बाद आरोपित शव को फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड के समीप एक वन क्षेत्र में फेंककर फरार हो गया। बाद में वह दोबारा उसी इलाके में लौट रहा था, लेकिन वहां पुलिस की मौजूदगी देखकर भाग निकला। पुलिस टीमों ने उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी और अपराध के छह घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सोमवार देर रात बच्ची का शव बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, ताकि मौत के कारणों और अन्य महत्वपूर्ण चिकित्सीय साक्ष्यों की पुष्टि की जा सके। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने अपहरण स्थल और शव बरामदगी स्थल दोनों का निरीक्षण किया है। वहां से नमूने और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपित ने वारदात अकेले अंजाम दिया या उसके साथ कोई और भी शामिल था। साथ ही उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

