home page

चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला शख्स पत्नी-बहन के साथ गिरफ्तार

 | 
चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला शख्स पत्नी-बहन के साथ गिरफ्तार


नई दिल्ली, 24 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के महरौली इलाके में पत्नी और बहन के साथ मिलकर चोरी करने वाले एक शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपिणाें की पहचान करमवीर, उसकी बहन पलक और पत्नी राधिका उर्फ राधा के रूप में हुई है। आरोपितों के कब्जे से 5.2 लाख रुपये के आभूषण विक्री के दस्तावेज समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने मंगलवार को बताया कि 16 मार्च को बंद मकान में चोरी की ई-एफआईआर दर्ज होने के बाद जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि पिछले 2-3 महीनों से एक गिरोह दिन के समय बंद घरों को निशाना बना रहा था। इंस्पेक्टर रितेश की देखरेख में पुलिस टीम ने करीब 80-100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी निगरानी के जरिए मुख्य आरोपित करमवीर की पहचान की। 18 मार्च को गुप्त सूचना के आधार पर करमवीर को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में उसकी बहन पलक और पत्नी राधिका उर्फ राधा की संलिप्तता भी सामने आई, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार तीनों मिलकर सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर 5.2 लाख रुपये के आभूषण बिक्री के दस्तावेज, एक लाख रुपये बैंक खाते में फ्रीज, एक लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, चांदी की पायल-सिक्का सहित अन्य सामान शामिल है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी