home page

दुष्कर्म और हत्या केस का आरोपित पुलिस हिरासत से भागने लगा, इंस्पेक्टर की पिस्टल छीनकर की फायरिंग

 | 

नई दिल्ली, 23 जून (हि.स.)। फुटपाथ पर सो रही 11 वर्षीय बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के मामले में गिरफ्तार कैब चालक ने पुलिस हिरासत के दौरान सनसनीखेज हरकत कर दी। वारदात का रिक्रिएशन कराने ले जाते समय आरोपित ने जांच अधिकारी की सरकारी पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार होने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूरे दिन पूछताछ की गई। शुरुआती दौर में वह लगातार अपने बयान बदलता रहा और जांच को गुमराह करने का प्रयास करता रहा। हालांकि, कड़ी पूछताछ के बाद उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने फुटपाथ पर सो रही बच्ची का अपहरण किया और उसे गुरुग्राम की ओर ले गया। रास्ते में मांडी रोड के पास एक सुनसान स्थान पर उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह उसे गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड स्थित जंगल क्षेत्र में ले गया, जहां कपड़े से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

शव पर डाले थे पत्थर

आरोपित ने पुलिस को यह भी बताया कि हत्या के बाद उसने शव को छिपाने के लिए उस पर पत्थर डाल दिए थे, ताकि किसी को उसके बारे में पता न चल सके। आरोपित के इस खुलासे के बाद पुलिस टीम उसे घटनास्थल पर ले जाकर पूरे घटनाक्रम का रिक्रिएशन कराने निकली थी।

पुलिस के मुताबिक, सरकारी वाहन में ले जाते समय आरोपित ने अचानक जांच अधिकारी इंस्पेक्टर केदार की सरकारी पिस्टल छीन ली। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया।

अचानक हुए हमले के बाद पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दो राउंड फायर किए। इनमें से एक गोली आरोपित के पैर में लगी। घायल होने के कारण वह ज्यादा दूर नहीं भाग सका और पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी