home page

मीशो डिलीवरी हब दिलाने के नाम पर महिला से 2.29 लाख की ऑनलाइन ठगी

 | 

बांदा, 18 अगस्त (हि.स.)। मीशो का डिलीवरी हब दिलाने के नाम पर एक महिला से ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि साइबर ठगों ने रजिस्ट्रेशन फीस, एग्रीमेंट फीस, सिक्योरिटी डिपॉजिट और एनओसी डिपॉजिट के नाम पर महिला से करीब 2.29 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में जमा करा लिए। बाद में ऑफिस सेटअप का सामान भेजने के नाम पर 25 हजार रुपये और मांगे गए। रकम देने से मना करने पर सामान नहीं भेजा गया और पैसा वापस मांगने पर आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया। मामले में मंगलवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में शहर के स्वराज कॉलोनी निवासी आकांक्षा गुप्ता पत्नी मनीष गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह मीशो का डिलीवरी हब लेना चाहती थीं। इसके लिए उन्होंने गूगल पर ऑनलाइन सर्च किया। सर्च के दौरान उन्हें एक कंपनी का नाम, पता और संपर्क नंबर मिले। इसके बाद उनकी व्हाट्सएप और फोन के जरिए अमित शर्मा नाम के व्यक्ति से बातचीत हुई।

आरोप है कि बातचीत के दौरान डिलीवरी हब के लिए पहले 18,600 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर जमा कराए गए। इसके बाद 90,100 रुपये एग्रीमेंट फीस, एक लाख रुपये सिक्योरिटी डिपॉजिट और 45 हजार रुपये एनओसी डिपॉजिट फीस के नाम पर अलग-अलग रकम खातों में भेजने को कहा गया। महिला ने बताए गए बैंक खातों में रकम जमा कर दी।

महिला के मुताबिक इसके बाद ऑफिस सेटअप का सामान भेजने की बात कही गई। इसी दौरान एक व्यक्ति ने वाहन दुर्घटना होने की बात बताते हुए उससे 25 हजार रुपये अतिरिक्त मांगे। महिला ने अतिरिक्त रकम देने से इनकार कर दिया। इसके बाद ऑफिस सेटअप का सामान नहीं भेजा गया।

ठगी का अहसास होने पर महिला ने संबंधित लोगों से संपर्क कर डिलीवरी हब नहीं लेने और अपनी पूरी रकम वापस करने की मांग की। आरोप है कि पहले 24 घंटे में पैसा वापस करने का भरोसा दिया गया, लेकिन इसके बाद संबंधित लोगों ने फोन उठाना बंद कर दिया।

महिला ने पुलिस को बताया कि ऑनलाइन लेनदेन से संबंधित रसीदें, एग्रीमेंट और कन्फर्मेशन लेटर ई-मेल के माध्यम से उसे भेजे गए हैं। उन्होंने संबंधित बैंक खातों को फ्रीज कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह