मेरठ पुलिस ने संदिग्ध उबेद को किया गिरफ्तार
मेरठ, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मेरठ जिले की कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को जम्मू कश्मीर के संदिग्ध वांटेड जुबेर उर्फ जुबैद उर्फ उबेद को गिरफ्तार किया है।
शुरुआती जांच में उसके पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी गैंग से तार जुड़े होने की बात सामने आई है। उस पर जम्मू-कश्मीर के सैन्य एयरबेस पर हमले की तैयारी में शामिल होने का शक है, हालांकि पुलिस और जांच एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बीबीजीटीएस मूर्ति ने मंगलवार शाम पत्रकार वार्ता में बताया कि मेरठ के बनियापाड़ा निवासी जुबैद उर्फ उबेद उर्फ जुबेर की गतिविधियां संदिग्ध थी। उसका संपर्क संदिग्ध आतंकी संगठनों से मिलने पर जम्मू कश्मीर के बाहुफोर्ट थाने में एफआईआर दर्ज हुई थी, तभी से यह वांछित चल रहा था।
कुछ महीने पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस भी उजेद उर्फ उबैद को गिरफ्तार करने के लिए मेरठ आई थी, लेकिन उस समय उसे पकड़ने में सफलता नहीं मिली थी। यूपीएस एटीएस और सहारनपुर पुलिस ने भी मेरठ में दबिश दी थी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली थी।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस की गिरफ्त में आए उजेद के मोबाइल फोन से कई व्हाट्सएप चैट मिली हैं। वह जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार किए गए आतंकी साजिद के ऑनलाइन संपर्क में था। अभियुक्त इंस्टाग्राम एवं यूट्यूब पर भारत विरोधी सामग्री तथा पाकिस्तानी आतंकियों एवं इन्फ्लुएंसर्स के वीडियो देखता व सुनता था। अभियुक्त भड़काऊ ऑडियो प्राप्त कर किशोरों को अपने साथ जोड़ने तथा उन्हें आतंकवादी गतिविधियों एवं जिहाद के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से भेजता था। ऑडियो भेजने के बाद उसे डिलीट कर देता था। पुलिस और जांच एजेंसियां अब इन्हीं चैट और मिले सबूतों के आधार पर छानबीन कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

