पश्चिम मेदिनीपुर में हिंसा पर सख्त कार्रवाई, 24 घंटे में 162 गिरफ्तार
पश्चिम मेदिनीपुर, 07 मई (हि.स.)। जिले में विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विभिन्न इलाकों से हिंसा और अशांति की घटनाएं सामने आने के बीच प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से बताया कि पिछले 24 घंटों में हिंसक घटनाओं में शामिल होने के आरोप में कुल 162 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
बुधवार शाम को मेदिनीपुर में आयोजित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में जिलाधिकारी बीजिन कृष्णा, पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना तथा सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि चुनाव के बाद किसी भी प्रकार की प्रतिशोधात्मक राजनीति, तोड़फोड़, आगजनी या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गुरुवार सुबह पार्टी कार्यालय हड़पने को लेकर खड़गपुर में कुछ वार्डो में गहमा गहमी दिखाई दी है लेकिन भाजपा के आपसी गुट की मतभेत बताया गया जिसे आपस में सुलझा लिया गया।
पुलिस के अनुसार, जिले के कई क्षेत्रों में पार्टी कार्यालयों पर कब्जे, घरों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाओं की शिकायतें मिली थीं। इसके बाद संवेदनशील इलाकों में पुलिस और केंद्रीय बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। विभिन्न गांवों और ब्लॉकों में लगातार रूट मार्च किया जा रहा है ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे।
पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना ने कहा कि स्थिति अब काफी हद तक नियंत्रण में है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि शांति भंग करने या हिंसा फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

