पारिवारिक विवाद में नाती ने की नानी की हत्या, दो घायल
पश्चिम मेदिनीपुर, 18 जुलाई (हि. स.)। जिले के गड़वेता थाना अंतर्गत कपरडांगा इलाके में एक दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पारिवारिक विवाद के चलते कलयुगी नाती ने अपने ही ननिहाल के सदस्यों पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में नानी की मौत हो गई, जबकि आरोपित के मामा और मौसी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार आरोपित नाती को गिरफ्तार कर लिया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आरोपित सौरभ दुले पिछले करीब चार वर्षों से कपरडांगा स्थित अपने ननिहाल में ही रह रहा था। शुक्रवार देर रात अचानक उसके घर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने देखा कि आभा दुले नामक महिला रक्तरंजित हालत में अपनी जान बचाने के लिए मदद की गुहार लगा रही थी। जब लोग घर के भीतर दाखिल हुए, तो वहां निद्रा दुले और शिबू दुले भी लहूलुहान अवस्था में पड़े मिले।
घटना की सूचना पाकर गड़वेता थाने की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने वृद्ध नानी निद्रा दुले को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल मामा शिबू दुले और मौसी आभा दुले को बेहतर इलाज के लिए बांकुड़ा सम्मीलनी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
गड़वेता थाना की पुलिस के अनुसार, प्राथमिक दृष्टि में यह हमला किसी धारदार हथियार से किया गया प्रतीत होता है। वारदात के तत्काल बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपित नाती सौरभ दुले को दबोच लिया है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

