home page

सिरसा: नशीली गोलियां बेचने पर मेडिकल स्टोर सील

 | 
सिरसा: नशीली गोलियां बेचने पर मेडिकल स्टोर सील


सिरसा, 09 मार्च (हि.स.)। पुलिस व ड्रग विभाग ने सोमवार को संयुक्त कार्रवाई करते हुए सिरसा शहर में एक मेडिकल स्टोर को नशीली गोलियां व अनियमितताएं पाए जाने पर सील किया है।

पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि पुलिस व ड्रग विभाग की टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए डिकॉय कस्टमर बनकर मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाइयां खरीदने के लिए भेजा। जैसे ही डिकॉय कस्टमर ने मेडिकल स्टोर पर पहुंचकर नशीली दवाइयां मांगी तो मेडिकल स्टोर संचालक ने तुरंत उसे नशीली दवाइयां निकाल कर दे दी। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मेडिकल स्टोर संचालक को नशीली दवाइयां सहित काबू कर लिया।

एसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने मेडिकल स्टोर संचालक अभिषेक को हिरासत में लेकर मेडिकल स्टोर की तलाशी ली तो मेडिकल स्टोर से लाखों रुपये की करीब 23 हजार नशे में प्रयुक्त होने वाली गोलियां बरामद हुई। उन्होंने बताया कि नशीली दवाइयां मिलने पर मेडिकल स्टोर संचालक को दवाईयों की खरीद बेच के दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया जिस पर मेडिकल स्टोर संचालक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। पुलिस व ड्रग विभाग के अधिकारियों ने मेडिकल स्टोर पर अनियमितताएं पाए जाने पर संज्ञान लेते हुए मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है। एसपी ने बताया कि पुलिस को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि उपरोक्त मेडिकल स्टोर से युवा दवाईयां लेकर उन्हें नशा पूर्ति के लिए प्रयोग करते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma