जबलपुर : दो महिलाओं ने कीटनाशक पिया, गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर
जबलपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। जबलपुर मेडिकल में मंगलवार को बरगी से लगे सिवनी जिले के घंसौर क्षेत्र से दो महिलाओं द्वारा कीटनाशक का सेवन किए जाने का मामला पहुंचा है।
बताया जा रहा है कि महिलाओं ने अज्ञात कारणों से जहर का सेवन कर लिया। दोनों की हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को जबलपुर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों का उपचार जारी है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, घंसौर थाना क्षेत्र के ग्राम बंदम निवासी 19 वर्षीय मुस्कान मरावी और समीपस्थ ग्राम पटरीपार निवासी 26 वर्षीय स्वीकृति टेकाम ने घर में रखा कीटनाशक पी लिया। दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजन अलग-अलग उन्हें स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। अस्पताल में दोनों को एक साथ देखकर लोगों को घटना की जानकारी हुई। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि दोनों महिलाओं ने कीटनाशक का सेवन किया है।
स्थानीय चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों महिलाओं के परिजनों से पूछताछ शुरू की। पुलिस का कहना है कि फिलहाल कीटनाशक सेवन के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

