home page

मेडिकल कालेज में खूंखार कुत्ते मृत नवजात को नोंच कर खा गए

 | 
मेडिकल कालेज में खूंखार कुत्ते मृत नवजात को नोंच कर खा गए


बांदा, 02 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज खूंखार कुत्ते मृत नवजात को घसीट कर ले गए। उसे नोंच कर खा गए। परिजनों की नीद खुली तो देखा बच्चा गायब था खोजबीन की गई तो मेडिकल कालेज परिसर में अलग- अलग स्थानों पर बच्चे के अवशेष अंग पाए गए। सिर और धड़ गायब था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल किया। मृत बच्चे के पिता का आरोप है कि मेडिकल कालेज में लगे सुरक्षा गार्डों की लापरवाही से यह घटना हुई है। इस हृदयविदारक घटना से पीड़ित परिवार में गहरा आक्रोश है।

गिरवां थाना क्षेत्र के बड़ोखर बुजुर्ग गांव निवासी गणेश प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे उसकी 35वर्षीय पत्नी गुड़िया प्रसव पीड़ा से परेशान थी। परिजन उसे 102 एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज ला रहे थे। रास्ते में तिंदवारा के पास गुड़िया को प्रसव हो गया और उसने मृत नवजात को जन्म दिया। रात करीब 11 बजे वे मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहाँ इमरजेंसी में ड्यूटी मे तैनात डॉक्टर सुशील ने महिला को भर्ती किया। कुछ देर के बाद महिला को लेबर रूम में शिफ्ट गया। रात करीब साढे 12 बजे अस्पताल स्टाफ ने मृत नवजात का शव परिजनों को सौंप दिया।

रात अधिक होने के कारण गणेश अपनी भाभी मीरा और बहू ऊषा के साथ मेडिकल कॉलेज परिसर के ओटी ब्लाक में ही बैठ गए। गणेश कुर्सियों पर सो गया। दोनों महिलाएं नवजात के शव को बीच में लिटा खुद सो गई। इसी बीच खूंखार कुत्ते पहुंच गए। दोनों महिलाओं के बीच से बच्चे का शव घसीट ले गए। शव को नोंच-नोंच कर खा गए। भोर करीब चार बजे गणेश की नीद खुली देखा तो बच्चा गायब था।

इस सम्बन्ध में रानी दुर्गावती मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉक्टर एसके कौशल ने बताया कि महिला के बाद मृत बच्चे को परिजनों को सौंप दिया गया था। सीसीटीवी फुटेज में कुत्ते घसीटते हुए दिखाई दे रहे है। कारिडोर ओटी ब्लाक का मामला है। तीन गार्डों की ड्यूटी लगाई गई थी। ड्यूटी में लापरवाही करने पर गार्डों की सेवा समाप्त करने के लिए कंपनी को पत्र लिखा गया है। विभागाध्यक्ष डॉक्टर मिनाक्षी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। उधर चौकी प्रभारी मेडिकल कालेज का कहना है कि फिलहाल परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह