home page

बांदा मेडिकल कॉलेज आवास में चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

 | 
बांदा मेडिकल कॉलेज आवास में चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह का सदस्य गिरफ्तार


बांदा, 09 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के सरकारी आवासों में हुई चोरी की वारदात का शुक्रवार को कोतवाली नगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने खुलासा किया है। पुलिस ने मध्य प्रदेश के धार जिले के रहने वाले एक अंतरराज्यीय आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब 11 लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान और 4160 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरोह के तीन अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

पुलिस के मुताबिक, मेडिकल कॉलेज निवासी डॉ. विकास ने 19 अगस्त को अपने सरकारी आवास में चोरी होने की सूचना कोतवाली नगर पुलिस को दी थी। जांच में सामने आया कि चोरों ने 18 और 19 अगस्त की मध्यरात्रि बाउंड्री फांदकर दो आवासों की कुंडियां तोड़ीं और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चार टीमें गठित की थीं। इन टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और भौतिक साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया।

सूचना पर पुलिस ने झांझरा वाले जंगल से मध्य प्रदेश के धार जिले के टांडा थाना क्षेत्र के गुराडिया गांव निवासी राजेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का सामान और नकदी बरामद की है। पूछताछ में आरोपित ने अपने भाई सुमल और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करने की बात स्वीकार की है। आरोपित अपने साथियों के साथ दूसरे राज्यों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरोह के सदस्य मेडिकल कॉलेजों, हॉस्टलों और बड़े सुनसान आवासों को निशाना बनाते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अन्य किन स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। गिरफ्तार आरोपित के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, मामले में मध्य प्रदेश के धार जिले के गुराडिया गांव निवासी सुमल और शंकर, अलीराजपुर जिले के बोरी थाना क्षेत्र के बड़ी कदवाल गांव निवासी भीलू की तलाश की जा रही है। क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही मुकदमा दर्ज कर कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी की कुल चार टीमें गठित की गई थीं। इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्य जुटाने के बाद अंतरराज्यीय गिरोह के एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से करीब 11 लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान और 4160 रुपये नकद बरामद हुए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है। फरार तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह