दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मांस से भरा कंटेनर जब्त, अलवर पुलिस ने सैंपल जांच के लिए भेजे
अलवर, 09 जुलाई (हि.स.)। जिले के रैणी थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पुलिस ने गोरक्षकों की सूचना पर मांस से भरे पंजाब नंबर के एक कंटेनर को जब्त किया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने कंटेनर को अपने कब्जे में लेकर रैणी थाने पहुंचाया तथा पशु चिकित्सा विभाग की टीम बुलाकर मांस के नमूने (सैंपल) जांच के लिए भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रेणी थानाधिकारी बनेसिंह के अनुसार गोरक्षकों से सूचना मिली थी कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से एक संदिग्ध कंटेनर बड़ी मात्रा में मांस लेकर गुजर रहा है। सूचना पर रैणी थाना पुलिस ने एक्सप्रेस-वे पर नाकाबंदी कर संदिग्ध कंटेनर को रोक लिया और उसे थाने ले आई।
प्रारंभिक जांच में कंटेनर के दस्तावेजों में इसे भैंस का मांस बताया गया है। हालांकि मौके पर मौजूद गोरक्षकों ने इसमें गोमांस होने की आशंका जताई, जिसके बाद पुलिस ने किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के बजाय वैज्ञानिक जांच कराने का निर्णय लिया।
पिनान पशु चिकित्सालय की टीम ने कंटेनर से मांस के नमूने लेकर उन्हें फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि कंटेनर में रखा मांस किस पशु का है और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कंटेनर पुलिस अभिरक्षा में है और मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

