home page

मेदिनीपुर में डेढ़ करोड़ रुपये का ब्राउन शुगर जब्त, दो गिरफ्तार

 | 
मेदिनीपुर में डेढ़ करोड़ रुपये का ब्राउन शुगर जब्त, दो गिरफ्तार


कोलकाता, 6 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के मेदिनीपुर शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार दोपहर शहर के बड़ा आस्ताना इलाके में एक मकान पर छापेमारी कर पुलिस ने 368.5 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ पचास लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि मकान मालिक शेख साब्बिर अभी फरार है।

पश्चिम मेदिनीपुर की पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना ने गुरुवार देर रात पत्रकार वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर डीएसपी आतिया रहमान के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम ने मेदिनीपुर शहर के बड़ा आस्ताना इलाके में शेख साब्बिर के घर पर छापेमारी की। इस दौरान तीन पैकेट में रखी कुल 368.5 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से करीब 52 ग्राम सोने के आभूषण भी जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत साढ़े आठ लाख रुपये है। इसके अलावा चार लाख 65 हजार रुपये नकद, करीब 40 हजार रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण और वजन मापने की तीन मशीनें भी बरामद की गई हैं।

इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शेख शरीफुद्दीन और शेख राजेश के रूप में हुई है। शरीफुद्दीन कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ा आस्ताना और राजेश शिरीष बागान इलाके का निवासी है। जिस मकान में छापेमारी की गई, उसका मालिक शेख साब्बिर फिलहाल फरार है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपित खड़गपुर से ब्राउन शुगर खरीदकर लाते थे। इसके बाद एक और दो ग्राम की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर स्थानीय इलाके में बेचते थे। इस काम में बच्चों का भी इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस को आशंका है कि इस अवैध कारोबार के पीछे एक बड़ा गिरोह सक्रिय है, जो लंबे समय से इलाके में मादक पदार्थों की बिक्री कर रहा था।

पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और मादक पदार्थों की आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ पूरे बंगाल में अभियान चलाया जा रहा है। पश्चिम मेदिनीपुर जिले में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि बच्चों और विद्यार्थियों को नशे की गिरफ्त में आने से बचाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता