home page

दो माह से फरार एमडीएमए फैक्ट्री का मुख्य आरोपित गिरफ्तार

 | 
दो माह से फरार एमडीएमए फैक्ट्री का मुख्य आरोपित गिरफ्तार


जोधपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। फलोदी पुलिस ने अवैध एमडीएमए फैक्ट्री के मुख्य आरोपित रामनिवास उर्फ रमेश को जोधपुर से गिरफ्तार किया है। उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वो दो महीने से फरार चल रहा था।

एसपी सतनाम सिंह ने बताया कि 20 मई की रात जिला विशेष टीम (डीएसटी) और बाप थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की थी। इस दौरान मोडकिया गांव स्थित एक ट्यूबवेल पर संचालित अवैध एमडीएमए निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ था। मौके से आरोपित सुखराम को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस प्रकरण में 9 जून को एक अन्य मुख्य आरोपित धर्माराम को भी गिरफ्तार किया गया था।

अवैध एमडीएमए बनाने का मुख्य सूत्रधार पश्चिमी ढाणी, लोहावट निवासी रामनिवास उर्फ रमेश घटना के बाद से ही फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। डीएसटी प्रभारी एएसआई प्रदीप को सूचना मिली थी कि आरोपी रामनिवास जोधपुर के कार बाजार क्षेत्र में छिपा हुआ है। इस सूचना पर एएसपी ब्रजराज सिंह चारण और सीओ अचल सिंह देवड़ा के निर्देशन में डीएसटी टीम ने तुरंत कार्रवाई की। टीम ने जोधपुर से आरोपित को हिरासत में ले लिया। आरोपित को जांच अधिकारी भोजासर थानाधिकारी जमील खान के सुपुर्द कर दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश