home page

मावे की दुकान की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी

 | 
मावे की दुकान की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी


जोधपुर, 28 सितम्बर (हि.स.)। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भोपालगढ़ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 46 ग्राम एमडी, 100 ग्राम अवैध अफीम और 329 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। पुलिस के अनुसार आरोपी मावे की दुकान की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था।

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पंकज यादव के निर्देशन में भोपालगढ़ कस्बे में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण रामेश्वरलाल के पर्यवेक्षण तथा भोपालगढ़ वृत्ताधिकारी गुलाबाराम के निकट पर्यवेक्षण में थानाधिकारी राजूराम बामणिया के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार कांस्टेबल बुद्धिप्रकाश मीणा से मिली सूचना के आधार पर टीम ने मावे की दुकान पर कार्रवाई की।

इस दौरान कुम्भारा निवासी लोकेश पुत्र मदनलाल सुथार के कब्जे से 46 ग्राम एमडी, 100 ग्राम अफीम और 329 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ भोपालगढ़ थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

मामले में अग्रिम अनुसंधान खेड़ापा थानाधिकारी लाखाराम द्वारा किया जा रहा है। बता दें कि मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भोपालगढ़ थाना पुलिस की इस साल में यह 22वीं सफल कार्रवाई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश