धारः घाटाबिल्लौद पुलिस ने एमडी ड्रग्स के साथ दो तस्करों को किया गिरफ्तार
धार, 12 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले में शुक्रवार देर रात मुखबिर की सूचना पर घाटाबिल्लौद पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर उनके पास से लाखों रुपये की एमडी ड्रग्स और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।
यह पूरी कार्रवाई रात करीब 11:00 बजे मालती चौराहा, घाटाबिल्लौद पर हुई। चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक बी.के. मिश्रा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि सादलपुर के ग्राम बड़छापरा निवासी असलम (33 वर्ष) और कुलदीप सोलंकी (32 वर्ष) बुलेट मोटरसाइकिल (क्रमांक एमपी-09-क्यूएफ-8385) से अवैध ड्रग्स लेकर घाटाबिल्लौद की ओर आ रहे हैं। पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में मालती चौराहे पर घेराबंदी की और दोनों को रोक लिया। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत ली गई तलाशी में पीछे बैठे कुलदीप की जेब से 35 ग्राम मटमैले रंग का एमडी ड्रग्स बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मौके पर ही इलेक्ट्रॉनिक कांटे से मादक पदार्थ का विधिवत वजन कर 35 ग्राम एमडी और करीब 1 लाख रुपये कीमत की बुलेट बाइक को जब्त कर सील किया। आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर थाना पीथमपुर लाया गया, जहाँ उनके विरुद्ध धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi

