home page

सर्राफा कारोबारी के घर से 30 किलो चांदी चोरी, एमसीए पास युवक गिरफ्तार

 | 
सर्राफा कारोबारी के घर से 30 किलो चांदी चोरी, एमसीए पास युवक गिरफ्तार


कानपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। फीलखाना थाना क्षेत्र में सर्राफा कारोबारी के घर से 30 किलो चांदी और 75 हजार रुपये चोरी होने के मामले में पुलिस ने एमसीए पास युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से तकरीबन 24 किलो चांदी बरामद हुई है। आरोपित ने चोरी की चांदी नानाराव पार्क में अलग-अलग स्थानों पर मिट्टी में दबाकर छिपाई थी।

पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने सोमवार को बताया कि चटाई मोहाल निवासी किशोर सिंह की चौक सराफा में प्रियंका ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। 12 सितंबर की रात वह दुकान से करीब 75 लाख रुपये कीमत की 30 किलो चांदी और 75 हजार रुपये लेकर घर पहुंचे थे। सामान ग्राउंड फ्लोर के कमरे की अलमारी में रखा था।

18 सितंबर की रात उनका बेटा अभय बाइक खड़ी करने घर के अंदर गया। लकड़ी का पटरा हटाने पर उसकी नजर खुली अलमारी पर पड़ी। चांदी और नकदी गायब मिलने पर डायल-112 को सूचना दी गई। एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय और फीलखाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

पुलिस ने घर की गली में लगे चार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। 15 सितंबर को एक संदिग्ध दिखा, जो बाद में कबाड़ी निकला। 16 सितंबर की फुटेज में झोला लेकर जाते एक युवक पर पुलिस का शक गया, लेकिन चेहरा स्पष्ट नहीं था। पुलिस ने संबंधित समय के मोबाइल टॉवर से सक्रिय नंबरों की जानकारी जुटाई। मोबाइल लोकेशन के आधार पर शुक्लागंज, फीलखाना और कलेक्टरगंज में सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर युवक का चेहरा स्पष्ट हुआ।

जांच में उसकी पहचान सुधांशु अग्रवाल के रूप में हुई। उसका घर कारोबारी के घर से करीब 500 मीटर दूर है। पुलिस की छानबीन की जानकारी मिलने पर वह घबरा गया और करीब पांच दिन पहले कोर्ट में अर्जी देकर पूछा कि क्या वह किसी मामले में वांछित है। अर्जी पुलिस के पास पहुंचने के बाद उसकी तलाश तेज कर दी गई।

डीसीपी ने बताया कि सुधांशु को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर नानाराव पार्क में मिट्टी में दबाकर रखी करीब 24 किलो चांदी बरामद हुई। बाकी चांदी और नकदी की तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक सुधांशु ने एमसीए करने के बाद कल्याणपुर की एक कंपनी में नौकरी की थी। वह ऑनलाइन सट्टा खेलता था और उस पर करीब 10 लाख रुपये का कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने चोरी की योजना बनाई। पुलिस सट्टे के ऐप या वेबसाइट और कर्ज देने वालों की जानकारी जुटा रही है।

कारोबारी के मुताबिक आमतौर पर दुकान की चांदी और नकदी घर में नहीं रखी जाती थी। घटना वाले दिन सामान घर लाया गया था। ग्राउंड फ्लोर के कमरे की अलमारी में चांदी और रुपये रखे थे। उसकी चाबी वहीं थी और घर व कमरे का मुख्य दरवाजा खुला था। पुलिस के अनुसार आरोपित ने इसी का फायदा उठाकर चोरी की।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप