कमेटी के नाम पर छह करोड़ की ठगी, दंपति फरार, पीड़ितों ने डीआईजी से लगाई गुहार
- 213 लोगों से रकम जमा कराने का आरोप, तीन आरोपित गिरफ्तार, मुख्य आरोपी पति-पत्नी की तलाश जारी
मुरादाबाद, 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में कमेटी के नाम पर 213 लोगों से करीब छह करोड़ रुपये की ठगी कर एक दंपति के फरार होने का मामला सामने आया है। कटघर थाना क्षेत्र में दर्ज इस मामले में पुलिस तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी पति-पत्नी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। मंगलवार को पीड़ितों ने मुरादाबाद परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) मुनिराज जी से मुलाकात कर आरोपितों की गिरफ्तारी और रकम वापस दिलाने की मांग की। डीआईजी ने संबंधित थाना प्रभारी को मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कटघर थाना क्षेत्र के सूरजनगर, पीतल बस्ती निवासी मंजुला समेत अन्य लोगों ने बीती 26 अगस्त को रामकिशोर, उसकी पत्नी सुनीता, भाई शंकर, पिता घासीराम और साले सोनू के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि रामकिशोर और उसके परिवार के लोगों ने कमेटी में 70 हजार रुपये जमा करने पर एक लाख रुपये देने का लालच देकर लोगों से रकम जमा कराई। इसके बाद मुख्य आरोपी दंपति लापता हो गया।
मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार को पीड़ित डीआईजी से मिले। उन्होंने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी कर ठगी गई रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। डीआईजी ने संबंधित थाना प्रभारी को मामले में शीघ्र और उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

