एमबीए छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, कुलपति से शिकायत, जांच के आदेश
जौनपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में एमबीए की एक छात्रा से कर्मचारियों द्वारा फोन पर अशोभनीय बातें करने और लगातार परेशान करने का मामला सामने आया है। गुरुवार को छात्रा ने कुलपति से लिखित शिकायत कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय के महिला छात्रावास में रहने वाली एमबीए की छात्रा ने आरोप लगाया है कि प्रशासनिक भवन में तैनात पांच कर्मचारी उसे बार-बार फोन कर परेशान करते थे। आरोप है कि वे अश्लील बातें करते, अभद्र भाषा का प्रयोग करते और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। इससे छात्रा काफी तनाव में आ गई।छात्रा ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि उसके पास आरोपित कर्मचारियों के खिलाफ फोन कॉल की रिकॉर्डिंग जैसे पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं। उसने मांग की है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दे दिए हैं। महिला छात्रावास की वार्डन को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है और रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने को कहा गया है।उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय परिसर में छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। ऐसे में इस घटना ने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

