त्रिलोकपुरी में युवक पर चाकू से हमला
नई दिल्ली, 11 अप्रैल (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना त्रिलोकपुरी के 27 ब्लॉक स्थित हनुमान मंदिर के पास की है, जहां कुछ बदमाशों ने युवक को घेरकर उस पर हमला कर दिया। घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 10 अप्रैल को मयूर विहार थाने में पीसीआर कॉल के जरिए चाकूबाजी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि घायल युवक की पहचान हुजैफ (26) के रूप में हुई है, जो त्रिलोकपुरी का ही रहने वाला है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 8 बजे हुजैफ कपड़े इस्त्री कराकर अपने घर लौट रहा था। जब वह 27 ब्लॉक स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचा, तभी कुछ युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उसे गालियां दीं और धमकाया, जिसके बाद उनमें से एक ने चाकू निकालकर उसके ऊपर हमला कर दिया। हमले में युवक के पीठ और कंधे पर गंभीर चोटें आईं। हमले के बाद घायल युवक किसी तरह अपने घर के पास पहुंचा, जहां से परिजन उसे तुरंत लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल (एलबीएस) ले गए। अस्पताल में उसका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि आरोपितों की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

