home page

त्रिलोकपुरी में युवक पर चाकू से हमला, दो नामजद आरोपित फरार

 | 

नई दिल्ली, 01 मई (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार थाना क्षेत्र स्थित त्रिलोकपुरी इलाके में गुरुवार रात एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, 30 अप्रैल रात करीब 10 बजे मयूर विहार थाना पुलिस को सूचना मिली कि चाकूबाजी में घायल एक युवक अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घायल राजेश का बयान लेने के साथ जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि घायल युवक अपने साथी के साथ त्रिलोकपुरी स्थित घर के पास मौजूद था। इसी दौरान दो परिचित आरोपित वहां पहुंचे और उस पर चाकू से हमला कर फरार हो गए। शिकायतकर्ता के बयान और मेडिकल साक्ष्यों के आधार पर मयूर विहार थाने में एफआईआर संख्या 165/26 दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज और लोकल इंटेलिजेंस की मदद ली जा रही है। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी